नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें दिखने लगीं। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर हो रहे इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस समेत कुल 29 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनावी रण में कुल 699 प्रत्याशी हैं, जिनमें 96 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
चुनाव आयोग की विशेष तैयारियां
चुनाव आयोग ने इस बार मतदान प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए खास इंतजाम किए हैं। राजधानी में कुल 2,696 स्थानों पर 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।
दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 733 पोलिंग बूथ विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। साथ ही, महिलाओं के लिए भी अलग मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, मतदाताओं की सुविधा के लिए कतार व्यवस्था प्रणाली (QMS) ऐप लॉन्च किया गया है, जिससे वे अपने मतदान केंद्र पर भीड़ की स्थिति जान सकेंगे।
चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने 220 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की, 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। मतदान के दौरान 21,500 से अधिक EVM और VVPAT मशीनें इस्तेमाल की जा रही हैं, जिससे मतगणना में पारदर्शिता बनी रहे।
दिल्ली की सियासत में कौन मारेगा बाजी?
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच है। जहां आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए मैदान में है, वहीं भाजपा इस बार सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी अपने पुराने जनाधार को दोबारा पाने की कोशिश में है।
चुनाव का परिणाम 8 फरवरी को घोषित किया जाएगा, जिससे यह साफ हो जाएगा कि दिल्ली की जनता ने किसके पक्ष में जनादेश दिया है।
https://f24.in/voting-continues-in-delhi











Leave a Reply